बढ़ने लगी ठंड, पारा 11.70 पहुंचा, हवा अब भी बेहद खराब

दिल्लीवासियों ने नवंबर महीने के पहले दिन अच्छी ठंड का एहसास किया। रविवार सुबह तापमान गिरकर 11.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। हालांकि एक्यूआई 366 दर्ज किया गया जो कि बहुत खराब कैटेगरी में आता है। रविवार को दिनभर इसमें किसी तरह के सुधार नहीं हुआ।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के तहत वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के मुताबिक एक और 2 नवंबर को हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में ही रहेगी। बताया गया कि 31 अक्तूबर को पंजाब में पराली जलाने के 4266 केस सामने आए हैं, जो इस बार के सबसे अधिक संख्या हैं। दिल्ली एनसीआर की वायु गुणवत्ता में इसका बड़ा असर पड़ता है।

हवा की तेज गति और बेहतर वेंटिलेशन से हवा की गुणवत्ता में सुधार की संभावना बढ़ सकती है। आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में अब न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज होने लगी है। हालांकि हम नवंबर महीने में एंट्री कर चुके हैं इसलिए रात के समय तापमान में और भी गिरावट हो सकती है।

दिल्ली के साथ साथ फरीदाबाद, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, गुड़गांव और अन्य कई जगहों में भी रविवार सुबह एक्यूआई बेहद खराब लेवल में रहा। श्रीवास्तव ने कहा कि आसमान में बादल छाए रहने के कारण पृथ्वी से परावर्तित होने वाली इंफ्रारेड किरणों में कुछ वापस पृथ्वी की तरफ ही लौट जाती हैं जिससे धरती गर्म होती है। इसके पीछे की एक और वजह हवा की स्थिरता है, जिसके कारण नमी और कोहरा बनता है।

उन्होंने कहा कि अभी पहाड़ों में बर्फबारी नहीं हुई है, इसलिए अभी वहां की ठंडी हवाओं ने दिल्ली के मौसम को प्रभावित करना शुरू नहीं किया है। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में अक्टूबर का महीना पिछले 58 साल में सबसे ठंडा रहा।

टूटा रिकॉर्ड, पिछले 58 साल में सबसे ठंडा रहा अक्टूबर का महीना
दिल्ली में अक्टूबर महीने में सामान्य रूप से औसत तापमान 19.1 सेल्सियस रहता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार इस साल अक्टूबर में औसत न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 1962 के 16.9 डिग्री सेल्सियस के बाद अक्टूबर महीने में सबसे कम तापमान है।

आईएमडी के अनुसार, शहर में अक्टूबर 2007 में औसत न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि पिछले 26 साल में अक्टूबर में सबसे कम तापमान था।

दिल्ली में अक्टूबर में इससे पहले 1994 में इतना कम तापमान दर्ज किया गया था। राष्ट्रीय राजधानी में उस समय 12.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 31 अक्टूबर को अब तक का सबसे कम तापमान 1937 में (9.4 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया था।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2TNjKJm

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ