ई-संजीवनी ओपीडी सेवा शुरू, घर बैठे प्रदेशभर के स्पेशलिस्ट डॉक्टर से ले सकते हैं सलाह

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ई संजीवनी ओपीडी सेवा की शुरूआत सोमवार को बीके अस्पताल में हो गई। अब घर बैठे ही डाक्टर को अपने मर्ज के बारे में जानकारी देकर दवा की पर्ची प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए मरीज को सिर्फ प्ले स्टोर अथवा गूगल से ई संजीवनी एप डाउनलोड करना होगा। इस सुविधा के शुरू होने से अब मरीजों को अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

जल्द ही यह सुविधा नीमका जेल के करीब ढाई हजार कैदियों को भी उपलब्ध होने लगेगी। वहां अभी डॉक्टरों से बात करने के लिए स्टूडियो बनाया जा रहा है। खास बात यह है कि इस सेवा के शुरू होने से मरीज प्रदेशभर के स्पेशलिस्ट डॉक्टर से सलाह ले सकेंगे। इसके लिए बीके अस्पताल के 15 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों को सूचीबद्ध किया जा चुका है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ओपीडी सेवाएं दो चरणों में उपलब्ध होंगी। पहली पाली में सुबह 10 से एक और दूसरी में 3 से 5 बजे तक होगी। रविवार को यह सेवा बंद रहेगी। विभाग का मानना है इस सेवा के शुरू होने से बड़ी संख्या में लोगों को फायदा होगा। धीरे-धीरे इस सेवा को और अपग्रेड किया जाएगा।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन के दौरान अस्पतालों व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर ओपीडी सेवाएं बंद कर दी गई थीं। बाद में मरीजों की समस्या को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सुझाव पर स्वास्थ्य विभाग ने टेली कंसलटेंसी की सेवाएं शुरू की थी।

सीएमओ डॉ. रणदीप सिंह पूनिया ने बताया कि बीके अस्पताल में सोमवार से ई संजीवनी ओपीडी सेवा की शुरूआत कर दी गई। अभी दूसरी पाली यानि तीन से पांच बजे तक डॉक्टर ऑनलाइन ओपीडी अटेंड करेंगे। इसके लिए 15 डॉक्टरों को सूचीबद्ध किया गया है।

सीएमओ ने बताया आमजन को इस सेवा का लाभ लेने के लिए गूगल प्ले स्टोर से अथवा सीधे गूगल से ई संजीवनी एप डाउनलोड कर अपना पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद वह ई संजीवनी ओपीडी सेवा से जुड़े डॉक्टरों से संपर्क कर सकेगा।

खास बात यह है कि इस सेवा के जरिए मरीज को डॉक्टर और डॉक्टर को मरीज वीडियोकॉल के जरिए एक-दूसरे को देख सकेंगे। कोई भी डॉ. अपने कमरे में बैठकर लैपटॉप के जरिए भी मरीज को अटेंड कर सकेगा।

ये डॉक्टर किए गए हैं सूचीबद्ध
सीएमओ ने बताया ई संजीवनी ओपीडी सेवा के लिए डॉ. आरएस गौड़ हड्‌डा रोग विशेषज्ञ, डा. संदीप अग्रवाल एमएस सर्जरी, डॉ. संदीप बेनीवाल एमएस सर्जरी, डॉ. संध्या चाइल्ड हेल्थ, डा. सिखा नेत्र रोग, डॉ. धर्मवीर नेहरा मनोरोग, डॉ. विकास चाइल्ड हेल्थ, डॉ. निधि नेत्र रोग, डॉ. संगीता नेत्र रोग, डॉ. सरोज डीवीडी, डॉ. रुचिका डीवीडी, डा. अभिषेक हड्डी रोग, डा. सुमित हड्डी रोग, डॉ. उपनेर एमएस सर्जरी और डॉ. अरुणा गोयल गायनी रोग को सूचीबद्ध किया गया है। इन डॉक्टरों को मरीज को अटेंड करने के तौर तरीके के बारे में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

पलवल में भी सेवा शुरू
पलवल जिला अस्पताल में भी ऑनलाइन ओपीडी शुरू कर दी गई है। इसमें 16 डॉक्टरों की ड्यूटी लगा ई गई हैं। वर्तमान में आठ डॉक्टर द्वारा ही सेवा दी जा रही है। बाकी आठ बैकअप के लिए रखे गए हैं। बाल रोग, नेत्र, नाक-कान-गला, गर्भवती महिला व हड्डी रोग सहित गंभीर रोग से संबंधित मरीज डॉक्टर से परामर्श व उपचार ले सकते हैं।

ऑनलाइन ओपीडी चलाने के लिए डॉ. अक्षय जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सीएमओ डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ओपीडी सुविधा के लिए मरीज के पास एंड्रायड फोन होना जरूरी है। जिन लोगों के पास एंड्रायड फोन नहीं हैं, उनके लिए विभाग ने विशेष सुविधा बनाई है।

इस सेवा के शुरू होने से अस्पताल में ओपीडी मरीजों का बोझ कम होगा। लोगों को अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। घर बैठे तकनीक के जरिए अपने मर्ज का आसानी से इलाज करा सकेंगे। मरीज को अटेंड करने वाला डॉक्टर उनके मोबाइल पर तत्काल दवा की पर्ची भी उपलब्ध कराएगा। बीके अस्पताल में यह सेवा शुरू कर दी गई। जल्द ही नीमका जेल में कैदियों के लिए भी यह सेवा शुरू कर दी जाएगी। -डा. रणदीप सिंह पूनिया, सीएमओ, बीके अस्पताल



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फरीदाबाद. ई संजीवनी ओपीडी सेवा की शुरूआत सोमवार को बीके अस्पताल में हो गई।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37EFKOv

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ